नोएडा। शिक्षा विभाग ने जिले में कक्षा एक से पांच तक सरकारी और निजी स्कूलों को सोमवार से खोलने की अनुमति दे दी है। स्कूल प्रबंधनों को कोविड गाइडलाइन का पालन अनिवार्य होगा। इसकी तैयारी भी स्कूलों ने कर ली है, लेकिन गौतमबुद्ध नगर पेरेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सर्वे के मुताबिक, 90 प्रतिशत से अधिक अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने के पक्ष में नहीं हैं। अभिभावकों को अभी कोरोना का डर सता रहा है।
गौतमबुद्ध नगर पेरेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक मनोज कटारिया ने बताया कि अभिभावकों का कहना है कि मौजूदा सत्र समाप्त होने वाला है। ऐसे में अगले सत्र से ही कक्षाओं का आयोजन किया जाना बेहतर है। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्कूलों को पत्र के माध्यम से निर्देश भेजे गए हैं। इसमें बच्चों को स्कूल भेजने से पूर्व अभिभावकों की लिखित में रजामंदी लेने, कोविड गाइडलाइन का पालन, छात्रों को रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने आदि से निर्देश हैं।
सरकारी स्कूलों में निर्धारित संख्या में अभिभावकों की अनुमति के अनुसार बच्चों को बुलाने की तैयारी कर ली गई है। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रभारी प्राचार्य आशा कनौजिया ने बताया कि स्कूल में सैनिटाइजेशन और सामाजिक दूरी के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अभिभावकों की अनुमति लेकर जो बच्चे स्कूल पहुंचेंगे, उनके स्वास्थ्य का खास ख्याल रखा जाएगा। मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य नीरज अवस्थी ने बताया कि सैनिटाइजेशन और अन्य प्रबंध कर लिए गए हैं। वहीं, दिल्ली पब्लिक स्कूल जैसे कुछ निजी विद्यालय अभिभावकों की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं। यहां अगले सत्र से ही स्कूल खुलने की संभावना है।