नोएडा। सेक्टर-151 में शनिवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। आरडब्ल्यूए ने निवासियों के साथ मिलकर नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से 500 से अधिक फलदार और औषधीय पौधे लगाए। यह सेक्टर को हरित बनाने की पहल है। लगाए गए पौधों का संरक्षण भी आरडब्ल्यूए और निवासी मिलकर करेंगे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बीएस चौधरी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में हरियाली और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। निवासियों को पौधों को गोद लेने के लिए प्रेरित किया गया। सेक्टर में आम, अमरूद, अनार, जामुन, नीम, अशोक, नींबू और अर्जुन के पौधों को अलग-अलग जगहों पर रोपा गया। इस दौरान महासचिव अजय वैष्कियार, संयोजक शिव बचन सिंह और अन्य मौजूद रहे। ब्यूरो