एक अप्रैल से 30 जुलाई तक 22,978 ने खरीदा है घर, नोएडा में 3505 और ग्रेटर नोएडा में 19473 ने खरीदा
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। इस समय लोग नोएडा से ज्यादा के ग्रेटर नोएडा में घर बनाना पसंद कर रहे हैं। यहीं कारण है कि अप्रैल से जुलाई तक 19,473 लोगों ने ग्रेटर नोएडा में आवासीय भूखंड खरीदें हैं, जो नोएडा से करीब साढ़े चार गुना अधिक हैं। पिछले साल भी यहीं स्थिति रही थी। तब भी ग्रेटर नोएडा ही पहली पसंद बना हुआ था। हालांकि बना हुआ मकान खरीदने में लोगों की पहली पसंद नोएडा ही है। ग्रेनो से ज्यादा नोएडा में बने मकानों खरीदे गए हैं।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जमीन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ग्रेनो के मुकाबले नोएडा में कीमतें काफी ज्यादा हैं। ऐसे में लोग ग्रेटर नोएडा में अपना घर बनाने को तवज्जो दे रहें हैं। इस साल एक अप्रैल से 30 जुलाई के बीच ग्रेनो में 19473 आवासीय भूखंड खरीदे गए। इनमें ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा में ज्यादा भूखंड खरीदे गए हैं। दादरी सब रजिस्ट्रार कार्यालय क्षेत्र में 13193 लोगों ने आवासीय भूखंड खरीदे हैं। इसके बाद ग्रेटर नोएडा और फिर जेवर में आवासीय भूखंडों की बिक्री हुई है। नोएडा में केवल 3505 भूखंड खरीदे गए। वहीं चार माह के दौरान नोएडा में 3868 और ग्रेनो में 2402 भवन खरीदे गए हैं। लोग बने हुए मकान नोएडा में खरीदना पसंद कर रहे हैं।
करीब 5000 करोड़ से अधिक का हुआ निवेश
इस साल आवासीय भूखंडों की खरीद से निबंधन विभाग को 208 करोड़ और भवन की खरीद से 271 करोड़ का राजस्व मिला है। जबकि इन खरीद पर लोगों ने 5000 करोड़ से अधिक का निवेश किया है। हड़ताल होने के कारण यह संख्या कम रही है। पिछले वर्ष इन दोनों श्रेणी में विभाग को कुल 525 करोड़ का राजस्व मिला था।
पिछले साल से कम रहा आंकड़ा
पिछले साल अप्रैल से जुलाई के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 26808 आवासीय भूखंड खरीदे गए थे। जो इस साल से ज्यादा है। तब ग्रेनो में 22513 और नोएडा में 4295 घर खरीदे गए। इस संबंध में स्टांप विभाग के अफसरों का कहना है कि जून में ई-रजिस्ट्री के विरोध में हड़ताल रही थी। तब करीब 20 दिन काम नहीं हुआ था। इस कारण इस बार संख्या कम है।
अप्रैल से जुलाई में होने वाली आवासीय व भवन रजिस्ट्री
उप निबंधक कार्यालय आवासीय भवन
नोएडा-1 1304 1802
नोएडा-2 1227 891
नोएडा-3 974 1175
दादरी 13193 1784
ग्रेटर नोएडा 4277 378
जेवर 2003 240
कुल 22978 6270
2025-26 में होने वाली आवासीय व भवन रजिस्ट्री
उप निबंधक कार्यालय आवासीय भवन
नोएडा-1 1939 2149
नोएडा-2 1572 844
नोएडा-3 784 891
दादरी 15481 1838
ग्रेटर नोएडा 4722 512
जेवर 2310 206
कुल 26808 6440
जिले में संपत्ति खरीदना में हर किसी की दिलचस्पी होती है। इस कारण आवासीय भूखंडों की बिक्री भी काफी होती है। नोएडा की जगह ग्रेटर नोएडा में आवासीय संपत्ति की रजिस्ट्री अधिक होती है। -
ब्रिजेश कुमार, एआईजी द्वितीय निबंधन विभाग गौतमबुद्ध नगर