नूंह की नायब वाली गली बनी चोरी के मोबाइल, सिम कार्ड की खरीदने का गढ़
यह गली अब पुलिस के रडार पर , साइबर अपराध से जुड़े लोगों में अफरा तफरी
शेरसिंह डागर
नूंह। एसटीएफ और पुलिस द्वारा साइबर ठगी के खिलाफ चलाए गए सबसे बड़े अभियान के बाद मेवात में साइबर अपराधियों और इससे जुड़े लोगों में अफरा तफरी है। पुलिस की पूछताछ में नूंह स्थित नायब वाली गली को साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल व सिम कार्डों का गढ़ बताया जा रहा है। इसके बाद यह जगह अब पुलिस के रडार पर आ गई है।
जानकारी के मुताबिक यहां करीब सौ से अधिक मोबाइल की दुकानें हैं। जिनमें से कुछ पर नए-नए युवा न केवल चोरी के मोबाइल बेचते हैं बल्कि मोबाइल का आईएमईआई नंबर तक चेंज कर देते हैं। लॉक तोड़ने में भी यहां कई लोग माहिर हैं। बस अड्डे के साथ लगती इस गली में सबसे अधिक दुकानें नए-पुराने मोबाइल खरीदने, बेचने के अलावा सिम कार्ड बेचने व मोबाइल रिपेयर करने की हैं। जिन पर पूरे दिन यही काम होता है। हालांकि यहां कुछ लोग सही काम भी कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश दुकानें शक के घेरे में हैं। यहीं कारण है कि यहां किसी न किसी बात को लेकर छोटा-मोटा विवाद भी होता रहता है।
बिना बिल बेचते हैं मोबाइल
यहां पर कुछ मोबाइल इधर-उधर से लाकर बिना बिल के बेचे जाते हैं। लोगों को अधिक जानकारी न होने के कारण व कुछ सस्ता होने के कारण वो बिना बिल के मोबाइल भी खरीद लेते हैं। एक-दो बार इस बारे में पहले नामी मोबाइल कंपनियों ने शिकायत भी की है। जिसके बाद मामूली सुधार हुआ, लेकिन उसके बाद फिर लोग ऐसा ही करने लगे।
अश्लील फिल्में भी होती है अपलोड
इस गली में मोबाइलों में अश्लील फिल्म व गाने भरने का काम भी सबसे ज्यादा चल रहा है। ऐसे दुकानदार न केवल समाज को अश्लीलता परोस रहे हैं, बल्कि युवाओं को खराब करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई के बाद अफरा तफरी
मेवात जिले के पुन्हाना खंड के गांवों में हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई से इस अपराध से जुड़े लोगों में भगदड़ मच गई है और वो अपने ठिकानों को छोड़कर फिलहाल इधर-उधर के राज्यों में चले गए हैं। ऐसे लोगों को अंदेशा है कि जो लोग पकड़े गए हैं वो कहीं उनका नाम न ले दें। इसलिए वो मौके से फिलहाल फरार हो गए हैं। हालांकि पुलिस से अभी कुछ गांव और रह गए हैं।
साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। जहां कहीं भी कोई अपराधी है, उसे पकड़ा जाएगा। पुलिस की साइबर अपराध पर पैनी नजर है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जो अपराधी भाग गए हैं, उन्हें भी पकड़ा जाएगा। अभी जो पकड़े गए हैं, उनसे गहनता से पूछताछ की जाएगी।- वरुण सिंगला, एसपी, नूंह