कुत्ते को खाना खिलाने पर कार सवारों ने किया हमला
- पॉम ओलंपिया सोसाइटी की घटना, पुलिस ने पशु प्रेमी और हमला करने वाले एक आरोपी पर की शांति भंग की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की पाम ओलंपिया सोसाइटी में शुक्रवार रात कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर हुए विवाद में कार सवार तीन लोगों ने पशु प्रेमी साहिल पर हमला कर दिया। ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में पशु प्रेमियों ने ट्वीट कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि इससे पहले भी साहिल पर हमला हो चुका है। पुलिस ने इस मामले में पशु प्रेमी और हमला करने वाले आरोपी दोनों के खिलाफ शांति भंग की धारा में चालान किया है। पुलिस का कहना है कि घायल हालत में ट्वीटर पर शेयर किया गया फोटो पुराना है।
ग्रेनो वेस्ट के पशु प्रेमी ने बताया कि लंबे समय से कुछ लोग सोसाइटी में कुत्तों को खाना खिलाने का विरोध करते हैं। शुक्रवार को पाम ओलंपिया सोसाइटी निवासी साहिल कुत्ते को खाना खिला रहा था। इसी दौरान सोसाइटी में रहने वाला एक व्यक्ति आया और विरोध करने लगा। इस दौरान हुए विवाद को मोबाइल में भी कैद किया गया। इस घटना के बाद रात में साहिल अपनी कार में सवार होकर सोसाइटी में आ रहे थे। तभी तीन युवकों ने साहिल के आगे अपनी कार खड़ी कर रास्ता रोक दिया। साहिल ने कार हटाने को कहा तो आरोपियों ने कार से उतकर साहिल पर हमला कर दिया। हमले में साहिल को चोट आई। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत का कहना है कि जो वीडियो सामने आया है। उसमें दोनों पक्षों में कहासुनी व विवाद हो रहा है। इसके चलते साहिल व दूसरे पक्ष के युवक पर शांति भंग करने की कार्रवाई की गई है। चोट लगा हुआ फोटो पुराना है।