-नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई, फोन की कीमत है करीब 50 लाख रुपये
-फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकअप और दो अवैध चाकू बरामद,
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आईक्यूओओ कंपनी के 100 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो अवैध चाकू, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश निवासी एटा, हाल निवासी बलजीत नगर दिल्ली, पंकज उर्फ धीरेंद्र निवासी एटा और मोहित पुंडीर निवासी हाथरस के रूप में हुई है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार को सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद हुआ है। आरोपी चोरी के मोबाइल फोन को विभिन्न माध्यमों से खपाने की फिराक में थे।
बरामद मोबाइल फोन आईक्यूओओ कंपनी के हैं। आरोपियों के पास से बरामद महिंद्रा पिकअप पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिसका उपयोग पुलिस से बचने और माल की ढुलाई के लिए किया जा रहा था। पुलिस जांच में पता चला है कि चला है कि जो मोबाइल चोरी के आरोपियों के पास से मिले हैं उनकी मैन्युफैक्चरिंग यमुना सिटी क्षेत्र में हैं। वहीं कंपनी का कॉरपोरेट दफ्तर गुरुग्राम में है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम में पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों ने हरियाणा से पिकअप में चोरी के फोन को लोड किया था। इन फोन को पुरानी दिल्ली में गिरोह के सदस्य के पास पहुंचाया जाना था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद मोबाइल फोन कहां से चोरी किए गए थे और इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं।