सेंचुरियन पार्क लो राइज निवासी शुभी भंडारी ने बताया कि वह 21 सितंबर को अपनी सोसायटी से ई-रिक्शा से सफर कर रही थीं। शुभी सुबह दफ्तर जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। चेरी काउंटी सोसायटी क्रॉस करने के बाद जब वह ई-रिक्शा का किराया चुकाने के लिए फोन में क्यूआर कोड स्कैन कर रही थीं, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार उनके पास आकर रुके।
पीड़िता ने बताया कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने पहले एक पते के बारे में जानकारी मांगी और बातचीत शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर शुभी के हाथ में मौजूद नए मोबाइल फोन पर पड़ी। बदमाशों ने पूछा कि क्या यह नया वाला आईफोन है? शुभी के हां कहते ही आरोपियों ने मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए।
उन्होंने तीन दिन पहले ही घटना से मोबाइल खरीदा था। वारदात के बाद पीड़िता ने बिसरख पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिक दर्ज की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।