कैब चालक को बेहोश कर कार लेकर भागे बदमाश
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में कैब चालक को बेहोश कर कार लूटने का मामला सामने आया है। चालक का आरोप है कि गाजियाबाद जाने के बहाने कार में बैठे तीन युवकों ने रास्ते में उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। बेहोशी की हालत में उसे सड़क किनारे छोड़कर आरोपी कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। एटा निवासी कन्हैयालाल ने पुलिस से शिकायत की है कि वह नोएडा में कैब चलाते हैं। 26 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे वह सेक्टर-50 स्थित कोठारी इंटरनेशनल स्कूल के बाहर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे और ऑनलाइन बुकिंग करने के बजाय सीधे गाजियाबाद चलने की बात कही। सहमति बनने पर तीनों कार में बैठ गए। पीड़ित के अनुसार कुछ दूर चलने के बाद तीनों युवकों ने चेहरे पर मास्क पहन लिए। इसके बाद चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। जब उन्हें होश आया तो वह फुटपाथ पर पड़े थे और उनकी कार गायब थी। कन्हैयालाल ने बताया कि कैब ही उनकी आय का एकमात्र साधन था। वाहन चले जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एसीपी प्रवीण सिंह का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ब्यूरो