नोएडा। सेक्टर-37 के पास से कार में लिफ्ट देकर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से 22 हजार रुपये नकदी, मोबाइल फोन, कपडे़ व अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से कासगंज के रहने वाले जयवीर सिंह दिल्ली के बदरपुर में रहते हैं। जयवीर ने पुलिस को बताया कि वे 28 मई को कासगंज जाने के लिए दिल्ली से सेक्टर-37 आए थे। वहां वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी एक काले रंग की कार आई। उसमें सवार लोगों ने कासगंज तक छोड़ने की बात कही। उनकी बात पर विश्वास कर जयवीर कार में बैठ गए। थोड़ी दूर चलने के बाद बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें अपने काबू में कर लिया। इसके बाद बदमाश उन्हें दादरी क्षेत्र में ले गए। वहां उनका बैग लूट लिया और चलती गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बैग में 22 हजार रुपये, मोबाइल फ ोन, बच्चों के कपड़े व अन्य सामान था। थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित के बयान में कुछ विरोधाभास है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।