महिला बनकर बदमाशों ने डीडीए कर्मचारी से लूटी बाइक
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के भट्टा गांव के पास महिला बनकर बदमाशों ने बुधवार रात दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में तैनात कर्मचारी से बाइक लूट ली। पीड़ित का आरोप है कि महिला के कपड़े पहने एक बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोका था। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। मामले में पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दनकौर के मुतैना गांव निवासी ब्रह्मजीत डीडीए में सुरक्षाकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह वह ड्यूटी कर बुधवार रात बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में भट्टा गांव के पास महिला के कपड़े पहने एक बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने उनको रोक लिया। जैसे ही वह रुके, तभी तीन अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसकी बाइक लूट ली। वहीं, विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला भेष में खड़े बदमाश को वह पहचान नहीं सके और मदद करने के इरादे में बाइक रोक दी थी। बदमाश उनको घायलावस्था में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह से घर पहुंचने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस लूट के मामले को चोरी में दर्ज कराने का दबाव बना रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले में जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
28 लाख रुपये हड़पने का आरोप
कोतवाली क्षेत्र के पारसौल गांव निवासी बुजुर्ग ने पड़ोसियों पर 28 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। गांव निवासी बंगाली मलिक (80) का आरोप है कि 5 महीने पहले पड़ोसी उन्हें जमीन का बैनामा कराने के लिए ले गया था। बैनामे में 28 लाख रुपये के 4 चेकों का जिक्र किया गया था। इनके नंबर भी शपथपत्र पर लिखे गए थे। जब उन्होंने आरोपी से चेक मांगे तो उसने घर पर देने की बात कही। आरोप है कि 5 महीने से आरोपी उन्हें झांसा देता आ रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।