इंजीनियर के घर में घुसे बदमाश, सीसीटीवी कैमरों ने बचाया
-ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर तीन के डी ब्लॉक की घटना, पुलिस से की शिकायत
-सेक्टर के निवासियों में पुलिस के खिलाफ रोष, पूर्व में हो चुकी है कई चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर तीन स्थित डी ब्लॉक में बुधवार को दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी कैमरों के कारण सफल नहीं हो सके। मकान मालिक ने मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बदमाशों को देख लिया और पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों के शोर मचाने पर बदमाश दीवार कूदकर भाग गए। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बृहस्पतिवार को पीड़ित इंजीनियर ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दी है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक सिसौदिया बुधवार सुबह 11 बजे परिवार के साथ सेक्टर-44 स्थित अपने ताऊ के घर गमी में शामिल होने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे नकाबपोश दो बदमाश दीवार कूदकर उनके घर में घुसे थे। मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद सीढि़यों के गेट का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। उसी समय इंजीनियर अभिषेक ने मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों को देख लिया और पड़ोसियों को सूचना दी। सूचना पर दो पड़ोसी शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे तो बदमाश भाग निकले। इस दौरान एक चोर के चेहरे से नकाब हट गया था। पड़ोसियों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों के गोली मारने की धमकी देने पर पड़ोसी पीछे हट गए।
सहीं समय पर फुटेज देखना से बच गया घर
पीड़ित ने बताया कि सेक्टर में सुरक्षा नाम की भी नहीं है। सुरक्षा के लिहाज से हाल ही में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। जिनको मोबाइल से जोड़ा हुआ है। जिस समय बदमाश घर में घुस रहे थे। तभी उन्होंने मोबाइल पर फुटेज देख ली। सहीं समय पर फुटेज देखने से चोरी होने से घर बच गया।
लगातार चोरी और पुलिस की विफलता से निवासियों में रोष
सेक्टर तीन में लगातार चोरी होने से निवासी भयभीत है। पिछले दो माह के दौरान 10 से अधिक चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष गजराज भाटी का कहना है कि लगातार चोरी की वारदात से निवासियों का मनोबल टूट रहा है। पुलिस कमिश्नर से चोरी की वारदात को रोकने और पुरानी वारदात का खुलासा करने की मांग की है।