नूंह। प्रदेश सरकार द्वारा लॉकडाउन के दौरान जिले में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने के लिए समय निर्धारित किया गया है। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिले में दूध या डेयरी, फल और सब्जियों की दुकानें सुबह 5 से सुबह 9 बजे तक ही खुलेंगी। वहीं, किराने की दुकानें सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी। इस दौरान ही होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा मेडिकल की दुकानें 24 घंटे खुली रहेंगी।
उपायुक्त ने बताया कि कृषि से जुड़ी दुकानें सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक खुली रहेंगी। उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई दुकानदार आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित एसडीएम को निर्देश जारी करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लॉकडाउन के दौरान दुकानों के लिए निर्धारित किए गए समय की अनुपालना करवाना सुनिश्चित करें।