मुजफ्फरनगर। एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर खुशी मनाई। शहर से लेकर देहात तक क्रिकेट प्रेमी एक-दूसरे को मुबारकबाद देते नजर आए। देर रात तक चले मुकाबले में मिली भारत की कामयाबी से खुशी छा गई।
रविवार की रात क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास बन गई। आखिरी ओवर में तिलक वर्मा और रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई। रिंकू के बल्ले से जीत का चौका निकलते ही क्रिकेट प्रेमी जश्न में डूब गए। घरों, मोहल्लों और कॉलोनियों में लोगों ने खुशी मनाई। खेल प्रेमियों ने एक-दूसरे से खुशियां साझा की।
शहर के शिव चौक से लेकर देहात के विभिन्न क्षेत्रों में खेल प्रेमियों के बीच खुशी छाई रही। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने कहा कि यह जीत सालों तक याद रहेगी। भारतीय खिलाड़ियों ने असीम धैर्य का परिचय दिया है। तिलक वर्मा ने अपनी बल्लेबाजी का शाैर्य दिखाया।
एसोसिएशन के चेयरमैन भीमसेन कंसल ने कहा कि उतार-चढ़ाव वाला मुकाबला रहा। बेहद खुशी हो रही है। शिवम दुबे का विकेट गिरा तो दुख हुआ था, लेकिन भारतीय टीम में बल्लेबाजी की गहराई इतनी है कि पाकिस्तान की टीम आसपास भी नहीं ठहरती।
-
शिव चौक पर एकत्र हुए प्रशंसक, पुलिस तैनात
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले को देखने के लिए रात आठ बजे से ही क्रिकेट प्रेमी मोबाइल और टीवी पर चिपके रहे। आधी रात के समय जीत मिली तो शहर के शिव चौक पर खेल प्रेमी एकत्र हो गए। यहां पर पूजा अर्चना की और घंटा बजाया। एहतियात के तौर पर यहां पुलिस भी पहुंच गई। देर रात तक खुशी का माहौल बना हुआ है।
भोपा में देर रात भारतीय टीम को जीत मिलने के बाद क्रिकेट प्रेमियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। क्षेत्र में खुशी छा गई और खेल प्रेमियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को जीत की बधाई के मैसेज भेजे।
भारत की जीत पर शिव चौक पर जश्न मानते युवा फोटो संवाद