ग्रेटर नोएडा (संवाद)। डाढ़ा गांव स्थित एचएल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित जयवती देवी मेमोरियल इंटर-स्कूल बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बादलपुर स्थित एमएच पब्लिक स्कूल की टीम ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्कूलों की 32 टीमों ने हिस्सा लिया। एमएच स्कूल टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और ट्रॉफी पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता में एमएच पब्लिक स्कूल ने पहला, संस्कार पब्लिक स्कूल नोएडा ने दूसरा, रामाज्ञा स्कूल दादरी ने तीसरा और एसबीवी जोनापुर दिल्ली ने चौथा स्थान हासिल किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है।