नहीं चलेंगी मेट्रो फीडर बसें, फाइल बंद
- नोएडा-ग्रेनो के 12 रूटों पर चलाने का था प्रस्ताव, सिटी बस योजना से जुड़ेंगे एक्वा और ब्लू लाइन के मेट्रो स्टेशन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मेट्रो स्टेशनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों की राह आसान होने का इंतजार कर रहे यात्रियों की उम्मीदों को जोर का झटका लगा है। अब 12 रूटों पर फीडर बसें संचालित नहीं की जाएंगी। नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) ने मेट्रो फीडर बस योजना की फाइल बंद कर दी है। अब नोएडा प्राधिकरण की सिटी बस योजना से एक्वा और ब्लू लाइन के मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने की योजना नए सिरे से बनाई जाएगी।
फीडर बसों के संचालन के लिए छह माह से एनएमआरसी तैयारियों में जुटा हुआ था। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बस ऑपरेटर की तलाश के लिए नए सिरे से निविदा जारी करने की तैयारी पूरी हो चुकी थी। इस बीच एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक एवं नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने फीडर बसों के संचालन की जरूरत नहीं समझते हुए योजना पर रोक लगा दी। उन्होंने मेट्रो स्टेशनों के बीच कम दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा आदि विकल्प पर जोर देने के निर्देश दिए हैं। फीडर बसों की जगह प्राधिकरण की सिटी बस सेवा के जरिये लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की योजना बनाई जाएगी।
महीनेभर में मिलनी थी सुविधा, अब कई माह का इंतजार
मेट्रो फीडर बस संचालन के लिए एनएमआरसी ने मई में कंपनी का चयन भी कर लिया था। हालांकि बाद में अनुभव की कमी का हवाला देकर तत्कालीन सीईओ ने कंपनी को अयोग्य बताते हुए निविदा निरस्त कर दी थी। कंपनी ने एक महीने में ही रूटों पर बसें उतारने की तैयारी कर ली थी। इस योजना में एनएमआरसी को कोई खर्च नहीं उठाना पड़ता, बल्कि कंपनी की तरफ से एक करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी जमा करने पर रजामंदी थी। अब नए सिरे से प्राधिकरण तैयारी करेगा। सिटी बसों का संचालन शुरू होने में महीनों का समय लगने की आशंका जाहिर की जा रही है।
12 रूटों पर चलनी थीं 25 वातानुकूलित बसें
लंबी जद्दोजहद के बाद नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के साथ मिलकर एनएमआरसी ने 12 रूट निर्धारित किए थे। इसके लिए सर्वे भी किया गया था। इन रूटों पर पहले चरण में 25 वातानुकूलित बसें चलाने की योजना थी।
इन रूटों पर होना था संचालन
नोएडा
-सेक्टर-51 से डीएलएफ मॉल, सेक्टर-51 से ओखला पक्षी विहार, सेक्टर-142 से सेक्टर-15ए, सेक्टर-51 से एक मूर्ति चौराहा ग्रेनो वेस्ट, सेक्टर-150 से परी चौक ग्रेटर नोएडा, सेक्टर-63 से सेक्टर-104 जेपी अंडरपास।
ग्रेटर नोएडा
- गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय से हिंडन ब्रिज कुलेसरा, परीचौक से नवादा होकर वापस परीचौक, जगत फार्म से एक्सपो मार्ट होकर जगत फॉम-2, राइज चौक से नॉलेज पार्क-5 होकर राइज चौक, चार मूर्ति चौराहे से केपिटल एथेना, चार मूर्ति से मिलक लच्छी होकर चार मूर्ति पुलिस चौकी।