ग्रेटर नोएडा (संवाद)। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी ने बृहस्पतिवार को आईएमटी कॉलेज में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह किया। इसमें छात्रों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश का भविष्य कक्षा में बैठा विद्यार्थी तय करता है। हमें ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को प्रोत्साहित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना चाहिए।
मुख्य वक्ता एबीवीपी के प्रांत सह संगठन मंत्री अनुज श्रीवास्तव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल संगठन नहीं, एक विचार है जो विद्यार्थी के चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में जुटा है। शिक्षाविद शशांक अवस्थी, प्रांत सह छात्रा प्रमुख आयुषी शुक्ला, जिला प्रमुख ओम कृष्णा, जिला संयोजक देव नागर भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रांत मंत्री गौरव गौड़, प्रांत मीडिया संयोजक अभिनव गौड़, विभाग संयोजक वैभव मिश्रा, सुनील मिश्रा, यशस्वी श्रीवास्तव, राज जादोन, आयुष, प्रियंका, अनमोल, यश, प्रिंस आदि मौजूद रहे।