यमुना सिटी (संवाद)। गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी के 16 पार्कव्यू में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या से निवासी परेशान हैं। सोसाइटी के पार्कों और खुले स्थानों पर कुत्तों के झुंड जमा रहते हैं। निवासियों का आरोप है कि कई बार कुत्ते लोगों को काट चुके हैं। इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों और पार्कों में खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोसाइटी निवासी श्रवण कुमार और नितिन ने बताया कि कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पार्कों में कई जगह कुत्ते झुंड बनाकर बैठे और सोते रहते हैं। कई बार वे आपस में भी आक्रामक हो जाते हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती है। कुत्तों के डर से कुछ लोग पार्कों में जाने से भी बचने लगे हैं। निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन से संबंधित नियमों के तहत उचित व्यवस्था कराने और समस्या का समाधान करने की मांग की है।