बिलासपुर (संवाद)। तालड़ा स्थित ध्रुव क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे प्रथम उदयवीर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में रविवार को जुनेदपुर की टीम ने दलेलगढ़ को दो विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए जुनेदपुर ने दलेलगढ़ को 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन पर रोक दिया। दलेलगढ़ से बल्लू शर्मा ने 41 और डिगंबर ने 30 रन बनाए। जुनेदपुर से सेंकी नागर ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुनेदपुर की टीम ने 94 रन पर सात विकेट गंवा दिए। इसके बाद मनीष नागर ने नाबाद 36 और सेंकी नागर ने 16 गेंदों पर 33 रन बनाकर टीम को अंतिम ओवर में दो विकेट से जीत दिलाई। दलेलगढ़ से शिवम भाटी और विपिन भाटी ने दो-दो विकेट लिए। सेंकी नागर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान रामकुमार नागर, दिनेश नागर, कमल नागर, रणपाल नागर, रविंद्र अधाना, मोहित नागर, रोहित, प्रवीण नागर और तिमराज नागर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।