ग्रेटर नोएडा (संवाद)। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मां पन्नाधाय की जाति को लेकर प्रकाशित किए गए कथित गलत विवरण के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष पंचशील गुर्जर ने बताया कि केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 2022 में प्रकाशित पुस्तक भारत के नारी रत्न के पृष्ठ संख्या आठ पर राजस्थान की महान त्याग एवं बलिदान की प्रतीक मां पन्नाधाय की जाति खीची राजपूत दर्शाई गई है। महासभा ने इसे ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ बताते हुए आपत्ति जताई है। महासभा के प्रदेश संगठन महामंत्री अमरजीत चौधरी के नेतृत्व में गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री चैनपाल प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय भैया आदि मौजूद रहे।