नोएडा (संवाद)। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में अपर पुलिस उपायुक्त, नोएडा मनीषा सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों एवं आम नागरिकों की पुलिस प्रशासन से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। अपर पुलिस उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन की ओर से अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी पुलिस प्रशासन से संबंधित कोई गलत गतिविधि या समस्या सामने आती है तो तत्काल सूचना दें। उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों और पुलिस के आपसी सहयोग से ही बेहतर कानून व्यवस्था कायम राखी जा सकती है। इस अवसर पर जिला संरक्षक झलकेश बाबूजी, रविंद्र भगत जी, सुभाष नेताजी, विपिन प्रधान, प्रदीप भाटी, अनिल अवाना, अमित अवाना, शैलेश बेसोया आदि उपस्थित रहे।