चाइल्ड पीजीआई को नॉन कोविड बनाने पर मंथन
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई को नॉन कोविड अस्पताल में तब्दील करने की कवायद तेज हो गई है। शासन से नामित जिले के नोडल अधिकारी आईएएस अखंड प्रताप सिंह ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ घंटों मंथन किया। कैंसर पीड़ित बच्चों व एसएनसीयू सुविधा बंद होने से हो रही परेशानी के मद्देनजर अस्पताल को नॉन कोविड बनाने पर विचार किया। शासन को भी इससे अवगत करवा दिया गया है। साथ ही सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएमओ का कहना है कि कोरोना इलाज के लिए उनके पास पर्याप्त अस्पताल व सुविधा मौजूद है। चाइल्ड पीजीआई को नॉन कोविड बनाने के लिए पत्राचार कर दिया गया है। कुछ दिनों में शासन से जवाब आ जाएगा। कोरोना पर काबू पाने व जमीनी हकीकत को परखने के लिए आईएएस अखंड प्रताप सिंह व डॉ. वीआर प्रसाद, लखनऊ एसएस पीजीआई के एंडो क्राइनोलॉजिस्ट के चिकित्सक समेत चार लोगों की टीम जिले में भेजी गई है। आठ माह से चाइल्ड पीजीआई कोविड अस्पताल है। यहां 150 बिस्तरों पर कोविड-19 उपचार की सुविधा है। यह जिले में एकमात्र बच्चों का अस्पताल है। यहां अन्य सभी सुविधाएं बंद पड़ी हैं। इसका सीधा असर बच्चों पर पड़ रहा है। हालांकि चाइल्ड पीजीआई प्रशासन भी अस्पताल को नॉन कोविड बनाने के लिए शासन से पत्राचार कर चुका है, लेकिन शासन से इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।