पहली बार मीडिया को बैठक से बाहर रखने का फैसला लिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की महत्वपूर्ण और सबसे ज्यादा वित्तीय अधिकार रखने वाली स्थायी समिति की ढाई साल बाद शुक्रवार को होने वाली बैठक सार्वजनिक नहीं होगी। पहली बार मीडिया को इससे बाहर रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, इस बारे में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में निगमायुक्त से बात करेंगी।
दरअसल, स्थायी समिति को एमसीडी की सर्वोच्च कार्यकारी इकाई माना जाता है, जहां उसकी नीतियों पर चर्चा होती है। साथ ही, बड़े बजट के विकास कार्यों को मंजूरी दी जाती है। पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले सभी प्रस्तावों पर अंतिम मुहर इसी समिति की बैठक में लगाई जाती है। एमसीडी की ओर से मीडिया को समिति की बैठक में आमंत्रित करने की जगह केवल सूचना दी गई है, जबकि दिल्ली में मानसून की तैयारियों, सफाई व्यवस्था, जलभराव, कूड़ा प्रबंधन और पार्किंग जैसे कई गंभीर मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं। इन मुद्दों पर शुक्रवार को बैठक में चर्चा होने की संभावना है। उधर, नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी का यह कदम पूरी तरह असांविधानिक है।