कांग्रेस पार्षद दल की नेता ने केजरीवाल, भारद्वाज, आतिशी व पार्षदों को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी में 25 अप्रैल को होने वाले मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। संख्या बल कम होने के बावजूद कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। बुधवार को कांग्रेस ने समर्थन के लिए आप नेताओं को पत्र लिखा है। कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिक्स ने अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज, आतिशी सहित आप पार्षदों को पत्र भेजकर चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की है। नाजिया ने पत्र में दिल्लीवासियों के हित और भाजपा को सत्ता से दूर रखने की जरूरत पर बल दिया है।
हालांकि, विधानसभा चुनाव के समय से कांग्रेस और आप रिश्तों में तनाव है। इसके बावजूद कांग्रेस ने इस मौके पर राजनीतिक समझदारी दिखाते हुए आप को न्योता भेजा है। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए मनदीप सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए अरिबा खान को मैदान में उतारा है। एमसीडी में कुल 250 पार्षद हैं, लेकिन वर्तमान में 12 सीटें रिक्त हैं। ऐसे में 238 पार्षदों के साथ-साथ लोकसभा के सात सांसद, राज्यसभा के तीन सांसद और दिल्ली विधानसभा से नामित 14 विधायक मिलकर कुल 262 वोट डालेंगे। बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम 132 वोटों की आवश्यकता है। वर्तमान गणित के अनुसार, भाजपा के पास 135 वोट हैं, जबकि आप के पास 119 और कांग्रेस के पास सिर्फ आठ वोट हैं।
एमसीडी चुनाव में मतगणना और परिणामों से इतर यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस व आप किसी समझौते तक पहुंचती हैं या फिर मुकाबला एकतरफा होता है या भाजपा अपनी संख्या बल के सहारे दोनों शीर्ष पदों पर कब्जा जमाने में सफल होती है।