-श्रावण शिवरात्रि की तैयारियां तेज, डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तय
-थाना स्तर पर कांवड़ रजिस्टर व पीस कमेटी बैठक कराने के निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/रबुपुरा। श्रावण मास और श्रावण शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने रविवार को सूरजपुर पुलिस कार्यालय में सभी एसीपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा, कांवड़ यात्रा के दौरान बजने वाले डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को प्रत्येक थाने में कांवड़ रजिस्टर तैयार करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ मार्गों पर गड्ढों, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा शिविर और पंडाल लगाने वाले आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर भी जोर दिया गया। वहीं, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर रविवार को एसीपी जेवर राजीव सिसोदिया, कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने पैदल गश्त करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।