-अजनारा होम्स सोसाइटी में हिंसक हुए युवकों ने की मारपीट, बचाने आए पड़ोसी को पीटा
-आरोपियों ने डंडे से की पिटाई, सोसाइटी के गार्ड बने रहे मूकदर्शक, एक घंटे तक चला हंगामा
-बिसरख कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी किए गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में एक आईटी प्रोफेशनल और उनकी पत्नी को बुरी तरह पीटा गया। घटना बृहस्पतिवार रात की है, जब एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार से सोसाइटी में कार ला रहे एक युवक को टोका, तो विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इतना ही नहीं बीच-बचाव के लिए आई उनकी पत्नी, बच्ची और पड़ोसी भी हमले का शिकार हो गए। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ शांति भंग की धाराओं में दो आरोपी मुलायम व पवन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी के मुताबिक मनीष त्रिपाठी अजनारा होम्स सोसाइटी के ए टावर में फ्लैट नंबर-002 में अपनी पत्नी अनुपमा त्रिपाठी और पुत्री याह्वी के साथ रहते हैं। पेशे से आईटी प्रोफेशनल मनीष बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे टहलने के लिए सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। तभी सोसाइटी में रहने वाल एक व्यक्ति कार के साथ तेजी से सोसाइटी के अंदर आ रहा था। जिससे वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने चालक को इस लापरवाही के लिए टोका, तो वह युवक आगबबूला हो गया और उनके साथ मारपीट करने लगा। वह जान बचाकर किसी तरह अपने फ्लैट तक पहुंचे। कुछ समय बाद वह जब नीचे पहुंचे, तो पहले से मौजूद आरोपी कमलजीत चौधरी ने अपने छोटे भाई पवन चौधरी, साथी मुलायम सहित 15 लोगों के साथ मिलकर दोबारा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल मनीष और उनकी पत्नी अनुपमा की पिटाई की, बल्कि बचाने आई उनकी बच्ची याह्वी को भी धक्का देकर पेट में लात मारी। आरोपियों ने गाड़ी से डंडे निकालकर पीटा। आरोपियों ने पिस्टल लहराते हुए कहा कि वह उन्हें सोसाइटी में रहने नहीं देंगे। इसी दौरान एक पड़ोसी तुषार जो बीच-बचाव करने आया था, उसे भी नहीं बख्शा गया और उसके हाथ पर दांत काटकर घायल कर दिया गया। घटना के विरोध में सोसाइटी के लोग बिसरख कोतवाली पहुंचे और थाने में ही धरना देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अनुपमा त्रिपाठी का आरोप है कि इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी मौजूद है। जिसमें हमलावरों की हरकत देखी जा सकती है। मामले में साधारण धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गार्डों की निष्क्रियता पर उठे सवाल
घटना के बाद लोगों ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हंगामा होने के साथ दंपती और उनके पड़ोसी की पिटाई के दौरान गार्ड मूकदर्शक बने रहे। उन्हें पिटाई के डर से बीच बचाव नहीं किया है। सोसाइटी के अन्य लोग भी पिटाई के दौरान डर के कारण कुछ नहीं बोले। हालांकि निवासियों ने सोसाइटी प्रोफेशनल गार्ड की मांग की है।
मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी मुलायम, पवन को गिरफ्तार किया है। कमल चौधरी की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -दीक्षा सिंह, एसीपी सेंट्रल नोएडा जोन