ग्रेटर नोएडा। यूपी बोर्ड ने 23 अप्रैल को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम घोषित कर दिया है। अब छात्र-छात्राओं को मार्कशीट का इंतजार है। यूपी बोर्ड 25 मई तक विद्यार्थियों काे मार्कशीट उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। मार्कशीट छात्रों को उपलब्ध कराई जाएगी वह टैंपर प्रूफ कागज पर छप रही है। यह मार्कशीट पानी पड़ने पर भी जस की तस बनी रहेगी। दीमक और नमी से भी यह खराब नहीं होगी। इस मार्कशीट की खास बात यह है कि इसमें एक विशेष मोनोग्राम है जो सिर्फ सूर्य की किरणों में ही दिखाई देगा। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा में शामिल तमाम परीक्षार्थियों के विवरणों में त्रुटि होने की जानकारी बोर्ड कार्यालय तक पहुंच रही थी। इस स्थिति को देखते हुए लंबित प्रकरणों में सुधार कराने का अंतिम अवसर दिया गया था। इसके लिए छात्रों को दो बार मौका दिया गया था। यह प्रक्रिया अब पूरी हो गई है तो जल्द ही मार्कशीट मिल जाएगी। ब्यूरो