माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। दिवाली पर पंच पर्व महोत्सव शनिवार को शुरू होगा। पहले दिन धनतेरस के लिए बाजार सजकर तैयार हो गए हैं। बर्तन की दुकान से लेकर सराफा बाजार और ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार विशेष चमक है। इसके दुकानदारों व शोरूम में तैयारी पूरी कर ली है। हर सेक्टर में बंपर खरीद का अनुमान लगाया जा रहा है। सराफा बाजार में शोरूम और दुकान सामान्य दिनों से सुबह पहले और शाम को देर तक खुली रहेंगी। इसी तरह ऑटो सेक्टर में भी इस बार अलग ही उत्साह बना हुआ है। ऐसे में जीटी रोड पर सुबह से लेकर देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्राचीन सिद्ध देवी मंदिर के आचार्य लालमणि पांडेय ने बताया कि दिवाली पर्व का शुभारंभ धनतेरस शनिवार से होगा। धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। धनतेरस पर शनिवार को दोपहर 12:30 के बाद खरीदारी का शुभ मुहूर्त रहा। इस समय में खरीदारी करना शुभ होगा। इस दिन बर्तन खरीदना, लक्ष्मी-नारायण पूजन और चांदी खरीदनी शुभ मानी जाती है। धनतेरस पर सायं ही मंदिर में सरसों के तेल से दीप जलाकर रखें। इससे लक्ष्मी मां प्रसन्न होती हैं और उस घर में प्रवेश करती हैं। इस दिन दीपदान करना भी शुभ माना जाता है।
बाजार में खरीदारी का जोश
बाजार में दिवाली की खरीदारी के लिए लोग शुक्रवार को ही पहुंच गए। ऐसे में इंसार बाजार में पूरा दिन लोगों का आना लगा रहा। बर्तन बाजार से लेकर टेक्सटाइल बाजार में पूरा दिन खरीदारी चली। टेक्सटाइल में कंबल, रजाई, चादर और गृह सज्जा के सामान की अधिक मांग रही। ऐसे में एसडी कॉलेज व अमर भवन चौक स्थित टेक्सटाइल दुकान व शोरूम पर पूरा दिन लोगों ने खरीदारी की। व्यापारी राकेश चुघ ने बताया कि इस बार दिवाली पर खरीदारी तेज रही। वहीं सराफा बाजार में एक दिन पहले ही चमक रही। सुभाष बाजार स्थित सिल्वर प्वाइंट के संचालक राजीव सोनी ने बताया कि सोने व चांदी के रेट बढ़ने पर भी मांग तेज है। हर व्यक्ति इसकी खरीद के लिए आगे आ रहा है। दोपहिया और गाड़ियों की इस बार मांग है। गोहाना रोड स्थित एलके होंडा शोरूम के संचालक ललित गोयल ने बताया कि इस बार जीएसटी कम होने पर वाहन खरीदना सस्ता हो गया है। हर कोई अपने घर पर नए वाहन लेकर जाना चाहता है।
हर कदम पर पुलिस फिर भी जाम
पुलिस ने बाजारों में बैरिकेड्स लगाकर नो एंट्री और वन-वे किया गया है। वहीं जीटी रोड के मुख्य चौक व चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या दोगुना की गई है। बावजूद इसके वाहन नियंत्रित नहीं हो पा रहे हैं। शहर में जीटी रोड पर सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जीटी रोड पर गोहाना रोड से बस स्टैंड तक पहुंचने में लोगों की सांस फूली रही। वहीं शहर की दूसरी सड़कों पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
प्रशासन ने तहसील कार्यालय खोलने के दिए आदेश
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिले की सभी तहसीलों को शनिवार धनतेरस के दिन 18 अक्टूबर को अवकाश के दिन खोलने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि लोग धनतेरस के दिन अपने मकान या प्लाॅट की रजिस्ट्री करा सकेंगे। सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे।
जीटी रोड पर संजय चौक के पास लगा जाम। संवाद