संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। 78वें संत निरंकारी समागम को लेकर भोड़वाल माजरी स्थित आध्यात्मिक स्थल पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आए दिन पहुंच रहे हैं। अभी समागम शुरू होने में पांच दिन का समय है लेकिन उनके द्वारा की जाने वाले खरीदारी को देखते हुए अभी से बाजार सजने शुरू हो गए हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि गत वर्ष ज्यादा इस वर्ष निरंकारियों द्वारा खरीददारी की जाएगी। जिससे स्थानीय दुकानदारों को दोबारा से पंद्रह दिन में दोबारा से दिवाली मनाने का मौका मिलेगा। वहीं गांवों में भी कमरों की मांग बढ़ गई है
78वां निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक चलेगा। दुकानदारों को उम्मीद है कि गत वर्षों से भी अधिक श्रद्धालु इस बार पहुंचेंगे। जो समागम में माता सुदीक्षा का आशीर्वाद तो लेंगे ही साथ ही समालखा शहर में जमकर खरीदारी भी करेंगे। समागम को लेकर स्थानीय दुकानदारों सहित बाहर के व्यापारियों द्वारा निरंकारी आध्यात्मिक स्थल के पास स्टॉल के लिए जगह बुक की जा रही हैं वहीं रेलवे रोड समालखा के दुकानदारों ने समागम को देखते हुए माल मंगवा लिया है। समागम स्थल के आसपास समागम के दौरान स्टाल लगाने के लिए 8 से 15 हजार रुपये स्टॉल साइज के अनुसार लिए जा रहे हैं। जबकि बड़ी जगह के लिए व्यापारी बीस से पचास हजार देने को तैयार हैं। समागम स्थल के गेट संख्या-3 के सामने 10-12 हजार रुपये तथा राइस मिल से पचास मीटर पहले जीटी रोड की तरफ 7-9 हजार रुपये किराये पर आप स्टाॅल लगाकर सामान बेच सकते हैं।
जीटी रोड पर होटल-ढाबे बुक
78वें समागम में गत वर्षों की तरह लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए स्थल पर कई एकड़ में टेंट की व्यवस्था है। वहीं जीटी रोड पर दिल्ली से पानीपत तक के होटल, ढाबों में निरंकारी संगत द्वारा कमरे पहले से ही बुक किया जा चुके हैं। होटल, ढाबों में संगत द्वारा कई महीने पहले ही एडवांस बुकिंग करवा दी है। जिसमें भारतीय सहित विदेशी श्रद्धालु भी शामिल हैं। इससे होटल, ढाबा संचालकों की बल्ले-बल्ले हो गई है। साथ ही आसपास के गांव पट्टीकल्याणा, माजरी, पांची गुजरान, हलदाना सहित समालखा शहर में भी लोग अपने घरों में संगत को कमरे किराये पर दे रहे हैं।
रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क
समागम स्थल के साथ लगते भोड़वाल माजरी स्टेशन पर निरंकारी मंडल द्वारा हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। ताकि वहां आने वाली संगत को किसी तरह की परेशानी ना हो। यहां पर सेवादारों की शिफ्टों में ड्यूटियां लगाई गई हैं जबकि स्टेशन पर उतरने व सेवा कर जाने वालों की सहायता के लिए भी निरंकारी सेवादार मुस्तैदी से लगे हुए हैं।
संत निरंकारी समागम स्थल पर सजे गेट। संवाद