ग्रेटर नोएडा (संवाद)। शहर की सोसाइटियों में लगे दुर्गा पंडालों में सोमवार को निशा पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ओएसिस वेनेशिया हाइट्स में आयोजित दुर्गा पूजा में सप्तशती पाठ, माता के भजन, महाआरती व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति के अध्यक्ष डॉ. अविनाश सिंह ने बताया कि चित्रकला में कियांश, धवल अग्रवाल, आयुषी ओझा, अनुष्का चौधरी को विजेता घोषित किया गया। अनायशा, सुधांशु, अहाना, देवांश, दीक्षिता, काव्या पांडे, मिष्टी वर्मा, प्राची मौर्य उपविजेता रहीं। सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने फैंसी ड्रेस शो और बंगाली संस्कृति पर आधारित धुनुची नृत्य की प्रस्तुति दी।
वहीं ग्रेटर नोएडा के कालीबाड़ी मंदिर में शारदीय सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रजत जयंती दुर्गा पूजा में सोमवार को सप्तमी के अवसर पर पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति उपाध्यक्ष देवर्षि मुखर्जी ने बताया कि सोमवार को कैम्ब्रिज स्कूल, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और विश्व भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी पंडाल में पहुंचे और पूजा-अर्चना के महत्व के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया।