-जिले का अधिकतम तापमान 35.3 और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। कई दिन से मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की संभावना नहीं बन रही है। शुक्रवार को भी दिन भर धूप की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ा और 24 घंटे में दो डिग्री पारा बढ़ गया, लेकिन आज बारिश का येलो अलर्ट है। ऐसे में तेज बारिश हो सकती है लेकिन इसके बाद फिर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप ने परेशान कर दिया और शाम को भी बादलों की आवाजाही नहीं रही। जून जैसी गर्मी अगस्त में महसूस हो रही है। ऐसे में शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.3 और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि 24 घंटे में तापमान में दो डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। बृहस्पतिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज बारिश होने से तापमान में फिर दो डिग्री की कमी दर्ज हो सकती है। हालांकि 10 से 14 अगस्त तक मौसम शुष्क होने की वजह से नो वॉर्निग जोन है यानी तेज बारिश की संभावना नहीं है और तापमान भी बढ़ सकता है। इसके साथ ही शहर की हवा लगातार साफ श्रेणी में दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को नोएडा का एक्यूआई 116 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 175 दर्ज किया गया।