नोएडा। सेक्टर-38 स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन पब में बाउंसरों ने बिल के विवाद में सोमवार देर रात पार्टी करने आए एक परचेज मैनेजर की पीटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने पब के मैनेजर समेत अन्य कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वहीं, मैनेजर की पत्नी ने पुलिस व पार्टी करने गए दोस्तों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से छपरा निवासी ब्रिजेश राय (35) पत्नी पूजा व दो बच्चों के साथ सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसले सोसाइटी में रहते थे। वह सेक्टर-80 के जेएलएन फेनिक्स कंपनी में परचेज मैनेजर थे। पूजा सेक्टर-132 स्थित डीपीएस में शिक्षिका है। ऑफिस के सात साथियों के साथ पार्टी करने के लिए ब्रिजेश लॉस्ट लेमन बार गए थे। रात करीब 10:30 बजे पार्टी के दौरान ब्रिजेश की 7400 रुपये के बिल को लेकर पब के कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि करीब 11:30 बजे रात में पब में करीब दो दर्जन से अधिक बाउंसर व कर्मचारियों ने मारपीट शुरू कर दी। बाउंसरों ने लात घूंसे मारकर ब्रिजेश को अधमरा कर दिया। इसके बाद ब्रिजेश को दोस्तों ने सेक्टर-41 स्थित प्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।
एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि मैनेजर की दोस्त की तहरीर पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मैनेजर समेत 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। अब तक आठ आरोपी मारपीट में शामिल पाए गए हैं।
पब संचालक फरार, सीसीटीवी जांच कर रही पुलिस
गार्डेन गैलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन पब का संचालक लव धींगरा है जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस से अब तक उसका संपर्क नहीं हुआ है। पुलिस ने पब के रिकॉर्डिंग रूम को सील कर दिया है। इसी रूम में सीसीटीवी का कंट्रोल व डीवीआर आदि हैं। पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
एक बजे रात तक के लाइसेंस पर उठ रहे सवाल
बार को रात एक बजे तक खुलने का लाइसेंस है। यहां पहले भी कई बार मारपीट हुई है। इसके बाद भी एक बजे रात तक का लाइसेंस जारी करना सवालों के घेरे में है। लाइसेंस जारी करने वाले विभाग व अधिकारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, आबकारी विभाग इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
देर रात तक प्रयाग अस्पताल तक अफरातफरी
सनसनीखेज घटना के बाद आधी रात तक गार्डेन गैलेरिया से लेकर प्रयाग अस्पताल तक अफरातफरी मची रही और पुलिस बल को तैनात किया गया था। घटना के बाद स्थानीय पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जीआईपी मॉल के बाहर ही पुलिस चौकी है और इस तरह की घटना चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हो गई।
गार्डन गैलेरिया मॉल बन रहा मारपीट का अखाड़ा
मॉल में दर्जनों की संख्या में पब व रेस्ट्रो बार हैं। यहां रोजाना एक-दो घटनाएं मारपीट की होती हैं। खासकर पब के बाउंसर बदसलूकी करते हैं। सोमवार रात को ही गार्डन गैलेरिया के एक बार में एक अधिकारी के साथ भी बदसलूकी हुई थी। इसके दो दिन पहले गैलेरिया के गेट पर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था।
जांच के बाद लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि बार संचालक से भी पूछताछ कर मानकों के बारे में जांच की जाएगी। अगर बार में मानकों का उल्लंघन पाया गया तो लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इसके अलावा शहर के अन्य बार संचालकों के साथ भी बैठक की जाएगी।