माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा एयरपोर्ट की छत से बारिश का पानी टपकने का वीडियो वायरल होने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपना पक्ष रखा है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने वायरल हो रहे वीडियो और छत से पानी टपकने के दावे को गलत बताया है। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट से वीडियो जारी करते हुए यह दावा किया था। साथ ही सरकार और एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगाए थे। जिसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने शुक्रवार को इस वीडियो के सबंध में अपना पक्ष रखा और इस वीडियो और छत टपकने के दावे को गलत बताया। नोएडा एयरपोर्ट ने अपने एक्स एकाउंट पर पक्ष रखते हुए लिखा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल में बाढ़ होने का दावा किया गया है। यह दावा गलत है। वीडियो में किसी भी बाढ़ को नहीं दिखाया गया है, केवल चमकती फर्श की सतह पर दृश्य प्रतिबिंब हैं। एयरपोर्ट पूरी तरह से काम कर रहा है और सभी सिस्टम बेहतर तरीके से संचालित हो रहे हैं।