लोनी। विकास कुंज कॉलोनी निवासी बीए के छात्र कुणाल को पीटने के बाद उसे गोली मारने वाले एक आरोपी को पुलिस ने रविवार को पकड़ लिया। विवाद 21 नवंबर को हुआ था जब आरोपियों ने कुणाल को फोन करके मोबाइल की दुकान पर बुलाया था। पुलिस से बचकर भाग रहे बाकी आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम विपिन है। पूछताछ में उसने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी मोबाइल की दुकान पर बैठा था। तभी राहुल, अमन व एक अज्ञात युवक उसकी दुकान पर आए और राहुल ने फोन करके कुणाल को वहां बुलाया। जब वह दुकान पर पहुंचा तब आरोपियों ने उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। मारपीट के बाद राहुल ने उसके पेट में गोली मार दी और तीनों आरोपी बाइक से भाग गए। एसीपी ने बताया कि दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली निकाली। बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।