मानसिक स्वास्थ्य पर शैक्षणिक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं होंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह-2025 के उपलक्ष्य में मन महोत्सव की शुरुआत हुई। इसके तहत पूरे सप्ताह मानसिक स्वास्थ्य पर शैक्षणिक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शनिवार को परिसर में मार्च निकालकर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने वंचित व जरूरतमंदों के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने में सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। वीएमएमसी की प्रिंसिपल डॉ. गीतिका खन्ना ने जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की और मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज वर्मा ने सप्ताह भर चलने वाले समारोह को सभी के लिए एक सहायक व समावेशी वातावरण बनाने के अवसर के रूप में रेखांकित किया।