ट्रैफिक कांस्टेबल को पांच किमी तक बोनट पर घुमाया
नोएडा। गलत दिशा में कार चला रहे युवक ने चालान काट रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पांच किमी तक बोनट पर लटकाकर घुमाया। राहगीरों ने किसी तरह पीड़ित को बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फेज थ्री पुलिस ने जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में केस दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिसरख कोतवाली क्षेत्र के जलपुरा गांव निवासी शेरखान के रूप में हुई है। महबूब अली ट्रैफिक पुलिस में कांस्टेबल हैं। बुधवार देर शाम सेक्टर-35 के पास चेकिंग कर रहे थे। सफेद रंग की स्विफ्ट कार गलत दिशा से आती दिखी। इशारा करने पर चालक ने कार रोकी और बाहर निकला तो कांस्टेबल चालान करने लगा। इससे नाराज होकर युवक गाड़ी में बैठ गया। फिर तेज गति से कार स्टार्ट कर जाने लगा। इस दौरान सिपाही को टक्कर लगी और वह बोनट पर जा गिरा। चालक ने कार रोकने की बजाए गति और तेज कर दी। किसी तरह पीड़ित ने बोनट में हाथ फंसा कर पकड़ लिया। 5 किमी बाद एक बाइक सवार ने पीड़ित को बोनट पर लटका देख शोर मचाया तो आसपास के वाहन चालकों ने कार का रास्ता रोक लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने कार रोक दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
कई घटनाएं हो चुकी हैं
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। चिटेहरा में सबइंस्पेक्टर पर कार चढ़ाकर हाथ पैर तोड़ दिए गए थे। परी चौक पर होमगार्ड को बोनट पर लेकर युवक भाग गया था। कासना कोतवाली में तैनात दारोगा पीटर को कार सवार युवकों ने कुचल दिया था।
वर्जन
यातायात पुलिसकर्मी को बोनट पर 5 किमी टांगकर ले जाने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अदालत के समक्ष पेश कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सुधा सिंह, एसपी सिटी नोएडा।