अंग्रेजी में लिखे सुसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया
वारदात सीसीटीवी में कैद, परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर बुधवार दोपहर ट्रेन के आगे कूदकर एक युवक ने जान दे दी। सीआईएसएफ के जवानों ने युवक को ट्रैक से हटाकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की शिनाख्त बिहार निवासी रवि (26) के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार को परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, पुलिस को युवक के पास से अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें रवि ने किसी को जिम्मेदार न बताकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। वारदात स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। इससे रवि काफी परेशान दिख रहा है। मेट्रो पुलिस उपायुक्त ने बताया कि करीब 2:30 बजे मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 से एक युवक के ट्रेन के आगे कूदने की खबर मिली थी। प्रगति मैदान मेट्रो थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। रवि बेरोजगार था। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि रवि ने यह कदम क्यों उठाया। घटना के कारण कुछ देर के लिए मेट्रो सेवा भी प्रभावित रही।