संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। दादरी रेलवे स्टेशन से कुछ दूर रूपवास बाईपास ओवरब्रिज के समीप एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जीआरपी चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पांच मई की रात रेलवे लाइन के किलोमीटर नंबर 1416 पर 50 वर्षीय व्यक्ति मगध एक्सप्रेस की चपेट में आ गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। हादसे में उसके बाएं पैर, जांघ व घुटने भी जख्मी हो गए, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। उसकी जेब से रेलवे टिकट या पहचान संबंधी कागजात नहीं मिले हैं। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है।