एक ही सोसायटी में रहते हैं दोनों
जानकारी के अनुसार, एटीएस डॉल्से सोसायटी में रहने वाले पीड़ित व्यक्ति को पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी और उसी सोसायटी के टावर-6 निवासी पल्लव चौधरी के बीच अवैध संबंधों का पता चला था। इस बात से परेशान होकर पीड़ित पति ने आरोपी से शांतिपूर्वक बात कर मामला सुलझाने का फैसला किया।
बात करते करते आपा खो बैठा प्रेमी पल्लव
इसी सिलसिले में वह 27 जून 2025 की रात टावर-6 की लॉबी में पल्लव चौधरी से मिलने पहुंचा। लॉबी में दोनों के बीच बातचीत शुरू ही हुई थी कि माहौल गरम हो गया। आरोप है कि जब पति ने प्रेमी को अपनी पत्नी से दूर रहने को कहा तो यह सुनकर आरोपी पल्लव चौधरी आपा खो बैठा। उसने अचानक पीड़ित के हाथ से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जोर से जमीन पर दे मारा, जिससे फोन पूरी तरह टूट गया।
गाली ही नहीं पीड़ित पति को प्रेमी ने मारा भी
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में पीड़ित युवक को कई जगह चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। शारीरिक चोटों और अचानक हुई इस घटना के चलते पीड़ित उस वक्त तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सका था।
पल्लव चौधरी पर केस दर्ज
हाल ही में पीड़ित ने सूरजपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की लिखित तहरीर दी। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी पल्लव चौधरी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।