गाजीपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम अविनाश कुमार ने रोड मार्किंग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा संकेत लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि ब्लैक स्पॉट्स का चिह्निकरण कर सुधार कराया जाए। यहीं नहीं भांवरकोल के पास बढनपुर पुलिया पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम को लेकर भी गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डायवर्जन व साइन बोर्ड लगाने और कर्मियों की तैनाती कर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए निर्देशित किया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक ई-चालान के माध्यम से ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलने और ओवरलोडिंग जैसी उल्लंघनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। स्कूल बसों, ऑटो व अन्य सार्वजनिक वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच कराएं। एनजीओ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनजागरूकता रैली करें। पोस्टर-बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करने पर भी जोर दिया। इस मौके पर एएसपी सिटी डा. राकेश मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन बीएल गौतम, एआरटीओ धनवीर यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।