अंसल गोल्फ लिंक-1 सोसाइटी में बुनियादी सुविधाओं का अभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। अंसल गोल्फ लिंक-1 सोसाइटी के निवासी पिछले दो साल से मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। करीब 400 आवंटियों ने दो साल पहले ही अपने भूखंड का रखरखाव शुल्क एक साथ प्राधिकरण के खाते में जमा कर दिया था। इसके बावजूद सड़क, सीवर, पानी की आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पार्कों की देखरेख और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं में अब तक सुधार नहीं हुआ है।
निवासियों का कहना है कि सोसाइटी की कई सड़कें पूरी तरह टूटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि पार्कों के आसपास गंदगी और बदबू के कारण लोगों का वहां कुछ मिनट भी खड़ा होना मुश्किल हो गया है। उन्होंने रखरखाव शुल्क इस उम्मीद से जमा किया था कि सोसाइटी में सड़क, सीवर, पानी, स्ट्रीट लाइट और पार्क जैसी सुविधाएं बेहतर होंगी। लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी उन्हें इन सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सोसाइटी में रखरखाव का काम जल्द शुरू कराया जाए।
हमने दो साल पहले ही रखरखाव शुल्क जमा कर दिया था। इसके बाद भी सुविधाओं में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। - योगेंद्र
सोसाइटी की सड़कें और पार्कों की स्थिति ठीक नहीं है। गंदगी और अव्यवस्था के कारण सभी को परेशानी हो रही है। - जय कुमार
पार्कों के आसपास बदबू और गंदगी के कारण मुश्किल हो गया है। समय पर सफाई और रखरखाव जरूरी है। - जितेंद्र कुमार
दो साल पहले रखरखाव शुल्क का भुगतान किया गया है, उसके बदले हमें बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। - अमरदीप सिंह