मारपीट के दोनों आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है
- फोटो : स्त्रोत- पुलिस
बेतियाहाता चौकी के नीचे डोसा दुकानदार सूर्यदेव यादव पर हमले और अपहरण के मामले का मुख्य आरोपी रमन सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। कैंट पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है।
घटना मंगलवार शाम की है, जब रमन सिंह अपने साथियों महेश चौधरी, शुभम दूबे और चार अन्य के साथ सूर्यदेव की दुकान पर पहुंचा और बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद दुकानदार को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने घर ले गए, जहां बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
सूचना पर पुलिस ने पीड़ित को मुक्त कराया। मामले में हत्या की कोशिश और अपहरण समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। कैंट पुलिस ने महेश चौधरी और शुभम दूबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन मुख्य आरोपी रमन सिंह फरार है।
जांच में सामने आया कि उसका आपराधिक इतिहास लंबा है और उस पर पहले भी गुंडा एक्ट व रंगदारी के मामले दर्ज हैं। पुलिस सीडीआर के जरिए उसकी लोकेशन व संपर्क तलाश रही है। ब्यूरो