किसानों का प्राधिकरण पर महापंचायत, तीन घंटे तक एक्सप्रेसवे जाम
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों किसान, कई मांगें मंजूर
टिकैत के स्वागत में महामाया फ्लाईओवर के पास जमे रहे किसान, नोएडा से परी चौक तक लोगों को दिक्कत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत लाव लश्कर के साथ मंगलवार को सेक्टर-छह नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर पहुंचे और महापंचायत की। इसके बाद टिकैत भाकियू के सदस्यों के सीईओ के साथ वार्ता की। सीईओ ने उनकी कई बातें मान लीं, जबकि कुछ मांगों को शासन की ओर से देखने की बात कही। सीईओ के साथ उनकी वार्ता सफल रही। इससे पहले प्रदर्शन की वजह से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक जाम रहा। नोएडा से परी चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दोपहर करीब 2:45 बजे राकेश टिकैत ट्रैक्टर से प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। उनके नेतृत्व में किसानों का अमला पैदल और सैकड़ों ट्रैक्टर से यहां पहुंचा। यहां पहले से काफी किसान मौजूद रहे। टिकैत के पहुंचने के बाद किसानों का जोश बढ़ गया। इसी बीच टिकैत ने घोषणा की कि अगर आधे घंटे में प्राधिकरण के अधिकारी महापंचायत में नहीं पहुंचते हैं तो किसान एक्शन लेंगे। उन्होंने कहा कि मौसम ठंडा है अब आंदोलन गर्म होगा। किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे को भी बढ़ाने की मांग की। साथ ही कहा कि पुराना फैसला नहीं माना जाएगा। इस दौरान भाकियू के अन्य पदाधिकारियों ने भी लोगों को संबोधित किया। थोड़ी देर में प्राधिकरण के एसीईओ प्रभाष कुमार, ओएसडी प्रसून द्विवेदी, यमुना प्राधिकरण के एसीईओ, डीसीपी हरीश चंदर, एडीसीपी शक्ति अवस्थी और एसीपी रजनीश वर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे।
इस दौरान किसानों ने नोएडा, ग्रेनो और यमुना प्राधिकरण की 25 सूत्री मांगों को अधिकारियों के सामने रखा। वार्ता के दौरान एक बार माहौल गर्म भी हुआ। टिकैत ने प्राधिकरण के अधिकारियों को किसानों के हित में काम नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की, लेकिन अधिकारियों ने किसानों को संभाला। इस दौरान राकेश टिकैत के अलावा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, महेंद्र सिंह चौरोली, मिंट अवाना, सूरज अवाना, आनंद अवाना, पंडित राजपाल शर्मा, गुड्डू प्रधान, पूरण पहलवान, सुंदर बालियान, अशोक प्रधान, मनोज मावी और संजय फौजी सहित कई किसान मौजूद रहे।
-
स्वागत और पैदल मार्च ने किया परेशान
प्राधिकरण पर किसानों के धरने में शामिल होने मंगलवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के स्वागत के लिए नोएडा, ग्रेनो, हाथरस, अलीगढ़, बुलंदशहर समेत अन्य जिलों के किसान ट्रैक्टर, बस और बाइक समेत अन्य निजी वाहनों से सुबह नौ बजे ही महामाया फ्लाईओवर के नीचे पहुंच गए। इस वजह से ग्रेनो की ओर से आने वाले ट्रैफिक महामाया फ्लाईओवर के नीचे रुक गया और करीब पांच से सात किमी लंबा जाम लग गया। सोशल मीडिया व ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत मिलने के बाद मौके पर भेजी गई क्यूआरटी टीम ने किसानों के वाहनों को एक किनारे कराने के बाद आवागमन सुचारू किया। वहीं, नो एंट्री खुलने के बाद दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को भी करीब एक घंटे तक फिल्म सिटी से महामाया के बीच जमा में फंसना पड़ा। किसानों का काफिला गुजरते समय महामाया फ्लाईओवर से लेकर चिल्ला बॉर्डर तक जाम की स्थिति बनी रही। सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से काफिला के गुजरने के दौरान दिल्ली से नोएडा के सेक्टर-15, 16, फिल्म सिटी, सेक्टर-18, एक्सप्रेसवे, सेक्टर-15 गोलचक्कर, सेक्टर-एक व दो के बीच उद्योग मार्ग पर भी करीब एक घंटे तक जाम रहा। इस मार्ग पर आने वाले वाहनों को रजनीगंधा और हरौला सेक्टर-पांच वाले मार्ग पर डायवर्ट किया गया।
-
जमीन वापसी के लिए करना होगा आवेदन
प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के साथ राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल प्राधिकरण कार्यालय पहुंचा। यहां किसानों से अपनी सभी मांगें रखीं। मांगों के क्रम में बताया कि सेक्टर-18 की आबादी की जमीन तोड़कर उसके 12 लाख रुपये प्राधिकरण दे रहा है, जबकि यह जमीन 350 करोड़ की है। किसानों की मांग पर सीईओ ने आबादी विनियमितीकरण के तहत जमीन वापसी के लिए आवेदन मांगा। उन्होंने एक माह में इस मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा बख्तावरपुर में किसान सुमित तंवर का मकान प्राधिकरण ने तोड़कर कब्जा ले लिया है। उनकी शिफ्टिंग का आश्वासन दिया। किसान कोटे की स्कीम लाने समेत कई मांगें सीईओ के सामने रखीं। सीईओ ने कई बातें मान लीं, जबकि कुछ मांगों को शासन की ओर से देखने की बात कही। वार्ता सफल होने पर किसान वापस लौट गए। किसानों ने प्राधिकरण को दो माह का समय दिया है।