पाकिस्तान से चार बच्चों के साथ रबूपुरा आई सीमा हैदर को शरण देने वाले सचिन मीणा के समर्थन में बुलाई गई महापंचायत रद्द करनी पड़ी। पुलिस ने दिन निकलते ही महापंचायत के आयोजकों को थाने लाकर नजरबंद कर दिया। आयोजकों ने राजनीतिक दबाव में महापंचायत नहीं होने देने का आरोप लगाया और जल्द महापंचायत बुलाने की घोषणा की।
सचिन मीणा के लिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कमेंट को लेकर कुछ लोग आहत हैं। इन शब्दों और इन्हें वायरल करने वालों पर रोक लगाने के लिए कुछ लोगों ने मंगलवार को आछेपुर गांव में सर्व समाज की महापंचायत बुलाने की घोषणा की थी। पंचायत की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई।
पुलिस मीणा समाज के पक्ष में बुलाई गई पंचायत के आयोजकों मुकेश ठाकुर मिर्जापुर, गवेंद्र सिंह मिर्जापुर, लाखा भाटी आछेपुर, मुकेश भाटी मिर्जापुर को थाने ले आई। भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह, विजयपाल सिंह, धीरज राजपूत, राजीव ठाकुर, जसवंत मीणा, राकेश मीणा, राजीव शर्मा समेत काफी संख्या में आसपास के गांव के लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने दोपहर करीब 12 बजे सभी आयोजकों को चेतावनी देकर वापस भेज दिया।