- यूपी शिक्षा विभाग, ग्रेनो प्राधिकण और एक्सपोमार्ट कर रहे आयोजन
- प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहेंगे मौजूद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शिक्षा के महाकुंभ भारत शिक्षा एक्सपो-2024 का शुभारंभ सोमवार से हो रहा है। नॉलेज पार्क-2 स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले तीन दिवसीय अयोजन में कनाडा सहित देश विदेश के 250 से अधिक शैक्षिक संस्थान और एक लाख से अधिक आगंतुक आ रहे हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय 11 नवंबर को होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया, शिक्षा के क्षेत्र में आ रहे बदलाव और आ रही नई तकनीकों से रूबरू कराने के मकसद से आयोजन किया जा रहा है। इसका एक उद्देश्य भारत को विश्व गुरू बनाने के मकसद से शिक्षा के सभी बड़े संस्थानों को एक मंच पर लाना भी है।
भारत शिक्षा एक्सपो में अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे। स्कूल जोन में प्राइमरी से सेकेंडरी एजुकेशन पर फोकस किया जाएगा। कॉलेज और विश्वविद्यालय जून में उच्च शिक्षण संस्थाओं, वोकेशनल ट्रेंनिंग सेंटर्स, रिसर्च के अवसरों आदि पर फोकस होगा। इसके अलावा स्किल डेवलपमेंट, फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स जोन भी होंगे। इसमें तमाम आधुनिक एवं तकनीक युक्त जानकारी आने वालों को मिल सकेगी।
प्रसिद्ध शिक्षाविद और भारत शिक्षा एक्सपो के अध्यक्ष डॉ. हरिवंश चतुर्वेदी ने कहा, यह कार्यक्रम नवाचार को बढ़ावा देने, छात्रों को प्रेरित करने एवं शिक्षा, उद्योग और सरकार के बीच सार्थक संवाद को प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। ताकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा पद्वितियों को बनाया जा सके। आयोजन में भारत के उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के प्रमुख संस्थानों के साथ कनाडा से एक अंतरराष्ट्रीय कॉलेज भी शामिल हैं। इस मौके पर आईईएमएल के सीईओ सुदीप सरकार, एडीएम मंगलेश दुबे मौजूद रहे।
19 नवंबर से होने वाले ईवी इंडिया में दिखेंगी भविष्य की ई बसें
एक्पो मार्ट में 19 नवंबर से होने वाले तीन दिवसीय ईवी इंडिया -2024 में भविष्य की ई बसों की झलक देखने को मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रिक मोटर वाहन शो में ईवी निर्माताओं को अपने नवीनतम उत्पाद, प्रौद्योगिकी और उपकरण, स्मार्ट और नेक्स्टजेन ट्रांसपोर्ट, इलेक्ट्रिक यात्री कार, स्कूटर, मोटरसाइकिल, साइकिल, बसें आदि प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य नए अवसरों का पता लगाना और पर्यावरण की सुरक्षा करना है। यह आयोजन लोगों, ईवी उद्योग के लिए संसाधन उपलब्ध कराने वाले, खरीदारों और ब्रांड का प्रदर्शन करने वालों को अवसर प्रदान करेगा। ईवी के साथ-साथ आयोजन में चार्जिंग की समस्या के भी अलग-अलग समाधान देखने को मिलेंगे।