- स्थानीय इकाइयों को मिला करोड़ों का विदेशी ऑर्डर, चीन को दे रहे कड़ी टक्कर
पीयूष गौतम
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा का खिलौना उद्योग अब वैश्विक पहचान बना रहा है। भारत में बने खिलौनों की मांग अमेरिका, यूरोप, खाड़ी देशों से लेकर अफ्रीकी देशों तक लगातार बढ़ रही है। जहां एक ओर चीन की दादागिरी वाले खिलौना बाजार में भारतीय कंपनियों ने सेंध लगाई है, वहीं स्थानीय इकाइयों को मिल रहे करोड़ों के विदेशी ऑर्डर इस बात के गवाह हैं कि अब मेड इन ग्रेटर नोएडा खिलौने भी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
हाल ही में ग्रेटर नोएडा की कई कंपनियों को विदेशी कंपनियों से बल्क ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। सॉफ्ट टॉय बनाने वाली कंपनी फंजू ग्रूप को अमेरिका, दुबई, फिलीपींस और यूके से चार लाख डॉलर का ऑर्डर मिला है। सबसे खास बात है कि एकमूर्ति चौक स्थित सॉफ्ट टॉय निर्माता फंजू ग्रुप को अमेरिका की खुदरा दिग्गज वॉलमार्ट से 80 हजार डॉलर का ऑर्डर मिला है। इसके अतिरिक्त कंपनी को यूके, दुबई, फिलीपिंस से भी ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। कंपनी के निदेशक नरेश गुप्ता ने बताया कि ऑर्डर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा रही है। बोर्ड गेम्स व पजल टॉय बनाने वाली इकोटेक-3 स्थित मसकीन टॉय को हाल ही में 31 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। केन्या से भी कंपनी को साढ़े छह करोड़ का ऑर्डर प्राप्त हुआ है।
कंपनी के निदेशक साहिब जीत सिंह ने बताया, तीन साल पहले हमारे यहां 300 कर्मचारी थे, अब 500 से अधिक हो गए हैं, फिर भी डिमांड पूरी करना मुश्किल हो रहा है। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अंकित टॉय कंपनी को दुबई से पजल गेम्स के लिए ऑर्डर प्राप्त हुआ है। साथ ही कतर, ओमान, अमेरिका व सऊदी अरब जैसे देशों में भी इसका निर्यात हो रहा है। कंपनी के एमडी अजय अग्रवाल ने बताया, बोर्ड गेम्स और पजल टॉय की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है। लकड़ी के खिलौने बनाने वाली लिटिल जीनियस कंपनी ने जर्मनी, इंडोनेशिया, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में अपना निर्यात शुरू कर दिया है। एमडी नरेश गौतम ने बताया कि भारत और रूस के बीच टेक्नोलॉजी साझेदारी का एमओयू भी हुआ है।
स्टीम टॉय की बढ़ती मांग
दुनिया भर में स्टीम टॉय (साइंस, तकनीक, अभियांत्रिकी और गणित आधारित खिलौने) की मांग सबसे अधिक है। इसके साथ ही लकड़ी के खिलौने, बोर्ड गेम्स और पजल टॉय की भी जबरदस्त डिमांड है। ग्रेटर नोएडा की कंपनियां इस क्षेत्र में लगातार नए इनोवेशन ला रही हैं।
एक नजर में
कंपनी
प्रमुख ऑर्डर स्थान
प्राप्त ऑर्डर का मूल्य
फंजू ग्रुप
अमेरिका (वॉलमार्ट), दुबई, यूके
80,000 डॉलर+
मसकीन टॉय
केन्या, अन्य देश
31 करोड़ + 6.5 करोड़
अंकित टॉय
दुबई, अमेरिका, कतर आदि
गोपनीय (लगातार निर्यात)
लिटिल जीनियस
जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया
गोपनीय
वर्जन
भारतीय सरकार द्वारा चीनी खिलौनों पर 70 फीसदी तक आयात शुल्क लगाने के बाद घरेलू उद्योग को राहत मिली है। डिमांड इतनी ज्यादा हो गई है कि आपूर्ति करना चुनौती बन गया है। ये भारत के खिलौना बाजार के अच्छे दिन हैं।
नरेश गुप्ता, एमडी, फंजू ग्रुप