होमबाउंड फिल्म के अभिनेता ईशान खट्टर के साथ श्रीधर दुबे। स्वयं
लखनऊ। शहर के युवा श्रीधर दुबे के अभिनय और संवाद से सजी फिल्म होमबाउंड अब कांस फिल्म महोत्सव के बाद ऑस्कर पुरस्कार की रेस में भी शामिल हो गई है। सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में इसे भारत की ओर से 2026 के ऑस्कर के लिए आधिकारिक तौर पर भेजा गया है। उत्तर भारत में रोजगार के लिए पलायन की स्थितियों को दर्शाती इस फिल्म में ईशान खट्टर, जाह्ववी कपूर और विशाल जेठवा जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। श्रीधर ने फिल्म में एक सेल्स मैनेजर का किरदार निभाया है।
शहर के कमता इलाके में रहने वाले श्रीधर दुबे ने बताया कि शुरुआत से ही अभिनय का शौक था। भारतेंदु नाट्य अकादमी और संगीत नाटक अकादमी में कार्यशालाओं में खुद को निखारा। वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. अनिल रस्तोगी और डॉ. उर्मिल कुमार थपलियाल से बारीकियां सीखने को मिलीं। होमबाउंड की कहानी उत्तर भारत के एक गांव में रहने वाले दो दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों का सपना है कि वे पुलिस की नौकरी करें लेकिन किस्मत उन्हें दूसरी तरफ ही मोड़ देती है। उनकी कहानी रोजगार की तलाश में पलायन करने वालों की कहानी बन जाती है।
श्रीधर ने फिल्म के कलाकारों को सिखाई थी अवधी बोली
श्रीधर ने फिल्म में अभिनय के साथ ही संवाद तो लिखे ही हैं। कलाकारों को अवधी बोली भी सिखाई है। फिल्म के पोस्टर में नीरज घेवान और वरुण ग्रोवर के साथ बतौर डायलॉग राइटर क्रेडिट भी दिया गया है। होमबाउंड फिल्म में ज्यादातर डायलॉग अवधी में थे। इन्हें बोलने में कलाकारों को दिक्कत आ रही थी।
कांस महोत्सव में गई श्रीधर की तीसरी फिल्म
श्रीधर दुबे की तीन फिल्में अब तक कांस फिल्म महोत्सव में जा चुकी हैं। इनमें मसान, कृपामंच और होमबाउंड शामिल हैं। होमबाउंड उनकी पहली फिल्म है जो ऑस्कर के लिए नामित हुई है। श्रीधर अपने अभिनय का कमाल मसान, मुक्काबाज, रात अकेली है, फीजिक्सवाला और ओह माय गॉड-2 जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में दिखा चुके हैं।
रोल चाहे छोटा हो या बड़ा, जीना पड़ता है किरदार को श्रीधर कहते हैं कि किसी भी फिल्म या वेब सीरीज में मैं यह नहीं देखता कि मेरा रोल छोटा है या बड़ा लेकिन पूरी कोशिश करता हूं कि किरदार को उसी तरह से जीया जाए जैसा उसे कहानी में उतारा गया है। कांस में होमबाउंड को नौ मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन मिला तो पूरी टीम को खुशी हुई।