ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय भूखंड के लिए बृहस्पतिवार को लॉटरी निकाली जाएगी। एक्सपो सेंटर में 973 भूखंडों के लिए 1.10 लाख आवेदकों के नाम की पर्ची निकाली जाएगी। हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज की निगरानी में लॉटरी निकाली जाएगी। एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि आवासीय भूखंड योजना आरपीएस-10/2026 के लिए भूखंडों का आवंटन लॉटरी से किया जाना है। लाॅटरी के लिए पात्र आवेदकों की सूची पहले ही वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इस प्रक्रिया का लाइव प्रसारण प्राधिकरण के सोशल मीडिया चैनल के अलावा डीडी यूपी चैनल व अन्य मीडिया माध्यमों पर भी किया जाएगा। सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है भूखंडों का आवंटन पूरी निष्पक्षता के साथ होगा। ब्यूरो