ताला तोड़कर लाखों के जेवरात लेकर बदमाश फरार
फिरोजपुर झिरका। घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चुरा कर चोर मौके से फरार हो गए। इस मामले में मकान मालिक ललित पुत्र चंद्र दत्त शर्मा ने मंगलवार को शहर पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ललित शर्मा पुत्र चंद्र दत्त शर्मा वार्ड नंबर-11 निवासी फिरोजपुर झिरका ने बताया कि घर में बुजुर्ग माता-पिता व अन्य परिवार के सदस्य रहते हैं। घर में ताला लगाकर दो दिन पहले अपनी पत्नी की डिलीवरी कराने फरीदाबाद गए थे। मंगलवार सुबह घर आया तो ताला टूटा हुआ था और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी में डेढ़ लाख रुपये नकद, चूड़ी, मंगलसूत्र सहित 9 तौला सोना और चांदी के आभूषण नहीं थे। शहर चौकी प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है जल्दी ही चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।