पिनगवां। वाहन का इंतजार कर रहे युवक को लिफ्ट देने के बहाने बदमाशों ने हथियार के बल पर हजारों की नकदी और मोबाइल लूट लिया। बृहस्पतिवार रात वारदात के बाद बदमाश पीड़ित को घटना की जगह से करीब 12 किलोमीटर दूर गांव सिंगार के पास जंगल में उतार कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुन्हाना निवासी नवीन पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि वह पिनगवां में काम करता था। बृहस्पतिवार रात पुन्हाना जाने के लिए पिनगवां बस अड्डा पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। रात के करीब 10:40 बजे बड़कली की ओर से पीली नंबर प्लेट की टैक्सी आकर रुकी जिसमें चालक समेत चार लोग सवार थे। आरोप है कि उन्होंने पुन्हाना ले जाने के लिए लिफ्ट दी और थोड़ी दूर चलते ही लाहाबास गांव के पास एक ने कट्टा निकाला तो अन्य तीनों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बदमाशों ने मारपीट कर पीड़ित से 28 हजार रुपये, दो मोबाइल और पर्स छीन लिए। पीड़ित के मुताबिक, वह मारपीट के दौरान बेहोश हो गया। उसके बाद जब होश आया तो खुद को सिंगार गांव से आर्गे इंट भट्टे के नजदीक पाया। पिनगवां थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि शिकायत मिल गई है, मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।