ग्रेटर नोएडा। नवरात्रि के त्योहार पर खाद्य विभाग की टीम का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापा मारकर 55 किग्रा कुट्टू का आटा सीज किया है। आटा खुला हुआ रखा था। प्रथम दृष्टयता उसकी गुणवत्ता सही नहीं लग रही थी। सीज करने के अलावा 3 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार व विजय बहादुर पटेल की टीम ने कासना स्थित सुरेश किराना स्टोर पर जांच की। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने गेझा सेक्टर-93 नोएडा में संचालित शर्मा आटा चक्की से कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया। जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता व ओपी सिंह की टीम ने अमलतास मार्केट सेक्टर 34 नोएडा स्थित परिवार आटा एवं मसाला चक्की से सिंघाड़े के आटे का एक नमूना लिया है। ब्यूरो